Skip to main content

आज दक्षिणी दिल्ली सांसद श्री रमेश बिधूड़ी, ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा फहराने की शुरूआत संतुष्टि अपार्टमेंट वसंतकुंज से की जहॉं उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित श्री रमेश राणा जी एवं श्री रामअवतार यादव जी का अभिनंदन किया और पुलिस चौकी के बहादुर पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया।

इसके बाद दक्षिणी दिल्ली लोक सभा के अम्बेडकर नगर और छत्तरपुर विधान सभा में तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें हजारों की संख्या में तिरंगा व बाइक सहित क्षेत्र के लोग देशभक्ति की इस यात्रा में शामिल हुए। अम्बेडकर नगर विधान सभा में यह यात्रा भारत माता की जय उद्घोष के साथ महिला मंगल से प्रारंभ की गई और महरौली-बदरपुर रोड़ से होते हुए देवली रोड़, चुनरी साफा बैंक्वेट पर समाप्त हुई।

इसी प्रकार छत्तरपुर विधान सभा की तिरंगा यात्रा नवनियुक्त जिला अध्यक्ष महरौली भाजपा श्री रणवीर तंवर के नेतृत्व में निकाली गई जो डेरा गांव से प्रारंभ होकर आया नगर अखाड़ा पर समाप्त की गई।

यात्रा पथ पर जगह-जगह स्थानीय लोगों ने सांसद महोदय को फूल मालाएं पहनाई और पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्र के प्रति लोगों में भक्तिभाव, हर्षोल्लास व पूर्ण जोश देखने को मिला। यात्रा के दौरान भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, परिवारवाद भारत छोड़ो, तुष्टिकरण भारत छोड़ो के नारे गंूजे।

यात्रा समापन पर सांसद रमेश बिधूड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार 09 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी जी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो का शंखनाद फूंका था और समूचे भारत के लोगों के समर्थन से कड़े संघर्ष के बाद आखिरकार अंग्रेज भारत छोड़ गए थे, लेकिन 60 साल शासन करने वाले लोग और उनके भ्रष्टाचार के कारण भारत आगे नहीं बढ़ पाया। उसी प्रकार आजादी के 77वें वर्ष पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, परिवारवाद भारत छोड़ो, तुष्टिकरण भारत छोड़ो का संकल्प दिया है। भारत को विकसित करने के लिए इस अमृतकाल के अन्दर हमें इस 15 अगस्त पर भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, परिवारवाद भारत छोड़ो, तुष्टिकरण भारत छोड़ो का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा जिस प्रकार वर्ष 2014 में भारत के लोगों ने संपूर्ण समर्थन आदरणीय मोदी जी को दिया है, तब से आज तक एक प्रतिशत के भ्रष्टाचार का आरोप विपक्षी दल नहीं लगा पाये, जबकि 26 दल एकत्रित हो गए हैं। सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के 9 वर्षों में देश तेजी के साथ आगे बढ़ा, विकसित हुआ और गरीब की आवश्यकताओं पूर्ति हुई है। इन स्वर्णिम 9 वर्षों में नेशनल हाईवे बनाने का बजट 13 हजार करोड़ से बढ़कर 1 लाख 99 हजार करोड़ हो गया, किसानों का बजट 23 हजार करोड़ से बढ़कर 1 लाख 25 हजार करोड़ हो गया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार भारत छोड़ो की यह नीति सफल होगी जब हर नागरिक को यह संकल्प लेना होगा और भारत तेजी से तभी बढेगा जब भ्रष्टाचार से मुक्त होगा।